मिर्जापुर। डंकीनगंज पुलिस चौकी के पास खड़ी शिक्षक की बाइक की डिक्की तोड़ कर उसमें रखे दो लाख रुपये लेकर बाइक सवार तीन उचक्के गुरुवार की दोपहर भाग निकले। यह देख शिक्षक के शोर पर वहां खड़े कुछ लोगाें ने उचक्कों का पीछा भी किया, लेकिन वे भाग निकले । सूचना पर पहुंचे सीओ नगर व कटरा कोतवाल उचक्कों की तलाश में जुट थे। हालांकि मामले को लेकर उन्हें कोई सफलता नहीं मिल सकी।
देहात कोतवाली अंतर्गत राजपुर गांव निवासी उमाशंकर पांडेय (50) पैड़ापुर इंटर कालेज में शिक्षक हैं। उन्होंने अपने पुत्र अभिनव की शादी के लिए सितंबर में जीपीएफ से दो लाख रुपये निकालने के लिए विभाग को प्रार्थना पत्र दिया था। लेकिन पैसा स्वीकृत होने के कुछ दिन बाद ही उनके बड़े भाई दयाशंकर पांडेय की मौत हो गई। इस पर उन्होंने पुत्र की शादी को टाल दिया। कुछ दिन बीतने पर गुरुवार की दोपहर करीब 12 बजे उमाशंकर भारतीय स्टेट बैंक शाखा, डंकीनगंज से पैसा निकालने आए थे। लगभग दो बजे दो लाख रुपये निकालने के बाद वह बाहर निकले तो उनके ही कालेज में तैनात एक सेवानिवृत्त चपरासी मिल गया। जिसके साथ डंकीनगंज पुलिस चौकी के पास स्थित एक चाय की दुकान के बाहर बाइक खड़ी कर वह चाय पीने लगे। इसी बीच अपाचे बाइक से तीन युवक वहां पहुंचे और डिक्की तोड़ कर रुपयों से भरे प्लास्टिक की थैली को निकाल कर भागने लगे। डिक्की से थैली निकाल रहे युवकाें को देख वह शोर मचाने लगे। शोर पर वहां मौजूद कुछ युवकाें ने उचक्कों का वासलीगंज स्थित आर्य कन्या इंटर कालेज तक पीछा भी किया। लेकिन बाइक सवार उचक्कों को पकड़ने में कामयाब नहीं हो सके। शिक्षक उमाशंकर ने बताया कि पालीथीन में उनका एटीएम, पेन कार्ड समेत अन्य कागजात भी थे। पालीथीन में पांच-पांच सौ रुपये की चार गड्डी थी। मामले को लेकर कटरा कोतवाल शफीक अहमद ने बताया कि एक शिक्षक गुरुवार की दोपहर एसबीआई से पैसा निकालने आए थे।
डंकीनगंज पुलिस चौकी के पास शिक्षक की बाइक की डिक्की तोड़ कर दो लाख रुपये निकाल लिए गए। शिक्षक द्वारा बताए गए विवरण के आधार पर तीनों युवकों की धर-पकड़ के लिए प्रयास किया जा रहा है।