चुनार। प्रमुख सचिव रेशम नवतेज सिंह ने मंगलवार को तहसील क्षेत्र के लोहिया ग्राम सरैया सिकंदरपुर में जन चौपाल लगा कर विकास कार्यों की समीक्षा की। इसके पश्चात वह चेचरी मोड़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। दोनों स्थानों पर प्रमुख सचिव ने लगभग पांच घंटे का समय बिताया। इस दौरान अधिकारियों के माथे से पसीना छूटता रहा।
मंगलवार की सुबह प्रमुख सचिव रेशम चुनार क्षेत्र के लोहिया ग्राम सरैया सिंकदरपुर पहुंचे। जहां जन चौपाल के पश्चात गांव की गलियों में भ्रमण कर विकास कार्यों का भौतिक सत्यापन किए। इस दौरान प्रमुख सचिव ने गांव में हुए विद्युतीकरण, पेयजल, संपर्क मार्ग, विधवा, वृद्धा पेंशन, बेरोजगारी भत्ता, मनरेगा सहित शासन की तमाम योजनाओं के बारे में ग्रामीणों से सीधे पूछा। कहा कि विकास संबंधी योजनाएं गांव में चल रही हैं कि नहीं। ग्रामीणों द्वारा गांव में महज सात घंटे विद्युत आपूर्ति की शिकायत करने पर 10 घंटे बिजली आपूर्ति का आदेश दिए। चौपाल में मौजूद ग्रामीणों की मांग पर गांव में बने संपर्क मार्ग सीसी रोड को जरगो नदी के पुल से जोड़ने का निर्देश दिया।
ग्राम प्रधान पति महेंद्र प्रताप ने शिकायत किया कि पुरातत्व विभाग द्वारा गांव में बनने वाले प्राथमिक विद्यालय में रुकावट डाली जा रही है। इससे कई वर्षों से प्राथमिक विद्यालय का निर्माण अधूरा है। प्रमुख सचिव ने जिलाधिकारी से कहा कि गांव में दूसरे स्थान पर मिडिल स्कूल का निर्माण तत्काल आरंभ करा दिया जाए। इसके पश्चात प्रमुख सचिव लाव लश्कर के साथ चेचरी मोड़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और धड़धड़ाते हुए दवा वितरण काउंटर पर गए। वहां मौजूद मरीजों से पूछा कि दवा फ्री में मिलती है या पैसा देने पर। प्रमुख सचिव ने अस्पताल में बने सभी कक्षों एवं वार्डों का निरीक्षण किया और चिकित्सकों और अधिकारियों के साथ बैठ कर समीक्षा किया। निरीक्षण के दौरान मरीजों की मांग पर अस्पताल में डेंटल चेयर व दंत चिकित्सक की व्यवस्था करने का आदेश भी मुख्य चिकित्साधिकारी को दिया। सीएचसी के दीवारों के झरते प्लास्टर को देख कर सीएमओ को तत्काल उसे दुरूस्त करने का आदेश दिया। इस दौरान जिलाधिकारी अनिल ढींगरा, मुख्य विकास अधिकारी विवेक पांडेय, सीएमओ डा. उमेश यादव, डीपीआरओ एके सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) केएल तिवारी, बीडीओ नरायनपुर सरिता सिंह, उप जिलाधिकारी चुनार दिवाकर सिंह, क्षेत्राधिकारी पीके वर्मा, तहसीलदार एसके सिंह सहित विभिन्न विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।