अहरौरा (मिर्जापुर)। आस्कर एवार्ड से लेकर विंबलडन कोर्ट में टॉस करने तक सुर्खियों में रही ‘स्माइल पिंकी’ को जिला प्रशासन द्वारा अब तक केवल एक आवास और तीन बीघे जमीन मुहैया कराई गई है। मुख्यमंत्री के विशेष सचिव की ओर से पिंकी को दी गई सरकारी सहायता के संबंध में पूछे जाने पर एसडीएम चुनार ने अपनी रिपोर्ट में शासन को यही बताया है। एसडीएम चुनार का कहना है कि शासन ने पहली बार पिंकी के संबंध में कोई रिपोर्ट मांगी है। इससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि शायद राज्य सरकार उसे कुछ विशेष सौगातें दे।
एसडीएम चुनार दिवाकर सिंह ने बताया कि कुछ दिनों पहले मुख्यमंत्री के विशेष सचिव पंधारी यादव ने ‘स्माइल पिंकी’ की वर्तमान स्थिति के बारे में रिपोर्ट मांगी थी। जिस पर उन्हें अवगत कराया गया है कि रामपुर ढबही के छोटी खोरिया निवासी पिंकी के परिवार को रहने के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक आवास और पट्टे पर तीन बीघे जमीन दी गई है। बताते चलें कि जिला प्रशासन द्वारा पिंकी के पिता राजेंद्र सोनकर को जो भूमि पट्टे में दी गई थी। अब राजेंद्र के मन में भी यह उम्मीद जगी है कि शायद इस बार कुछ भला हो जाए।