पंडित दीनदयाल उपाध्याय आवासीय बालिका विद्यालय मड़िहान की 94 छात्राएं गुुरुवार की दोपहर अबूझ हाल में बीमार हो गईं। विद्यालय प्रशासन की सूचना पर पहुंची सीएचसी मड़िहान की टीम ने बीमार छात्राओं का स्कूल परिसर में ही इलाज शुरू कर दिया। जिसमें 16 छात्राओं की हालत बिगड़ने पर उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। मामले की जानकारी होते ही एसडीएम मड़िहान सविता यादव, समाज कल्याण अधिकारी, डीडीओ मनोज राय, मौके पर पहुंच गए। एसडीएम ने बताया कि वायरल फीवर के चलते 60 से अधिक छात्राएं बीमार हुई हैं। जिनका इलाज मड़िहान सीएचसी व विद्यालय में चल रहा है। चिकित्सकों का अनुमान है कि बीमारी की वजह वायरल फीवर या दूषित पानी भी हो सकता है।
विद्यालय की छात्राएं सुबह दस बजे खाना खाने के बाद अर्धवार्षिक परीक्षा देने के लिए क्लास रूम में मौजूद थीं। दोपहर करीब 12 बजे एक के बाद छात्राओं को उलटी दस्त होने लगी। देखते ही देखते ही 90 से अधिक छात्राएं चपेट में आ गईं। विद्यालय ने सीएचसी मड़िहान के डाक्टरों को सूचना दी। जानकारी होते ही डाक्टर जवाहर पांडेय, डॉक्टर कैलाश नाथ बिंद व स्टाफ नर्स आदि दवा लेकर विद्यालय में पहुंच गए और इलाज शुरू किया। बीमार छात्राओं का आरोप है कि विद्यालय की अधिकांश छात्राएं वायरल फीवर की चपेट में हैं, जिनकी दवा कई दिनों से विद्यालय की स्टाफ नर्स से मांगी जा रही थी, लेकिन दवा नहीं दी गई। छात्राओं के बीमारी की खबर सुनते ही जिला समाज कल्याण अधिकारी केपी सिंह, डीडीओ मनोज राय व मड़िहान एसडीएम विद्यालय पहुंचे व छात्राओं का बेहतर इलाज कराने का निर्देश दिया।