अदलहाट (मिर्जापुर)। क्षेत्र के कौड़ियाकला स्थित विद्या संस्कार पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को विश्व हिंदी दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। हिंदी विषय पर गीत-संगीत के माध्यम से छात्राओं ने समा बांधते हुए हिंदी भाषा को विश्व की भाषाओं से अच्छा बताया।
विश्व हिंदी दिवस पर विद्यालय की ओर से राष्ट्रभाषा को बढ़ावा देने के लिए सभी बच्चों को गुड मॉर्निंग के स्थान पर जय हिंद बोलने को कहा गया। वक्ताओं ने कहा कि हिंदी भाषा को अंतरराष्ट्रीय भाषा के तौर पर पहचान बनाने में देश के सभी नागरिकों को प्रतिबद्ध होना होगा। विद्यालय के चेयरमैन डॉ. नागेंद्र प्रसाद द्विवेदी ने बताया कि राष्ट्रभाषा को बच्चों के अंदर जागृत करने के लिए जयहिंद का उद्घोष अनिवार्य किया गया है और अब गुड़ मॉर्निंग को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। कहा कि अंग्रेजी ज्ञान की और हिंदी सम्मान की भाषा है। इस दौरान डायरेक्टर सौम्या द्विवेदी, प्रधानाचार्य शैलेश कुमार पांडेय, आलोक सिंह, निशा सिंह, दीपिका श्रीवास्तव, महिमा जायसवाल, खुशबू आदि मौजूद रहीं।