मिर्जापुर। नगर के महुवरिया स्थित राजकीय इंटर कालेज के सभागार में बुधवार को मंडलायुक्त मुरली मनोहर लाल की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा जागरूकता के अंतर्गत मंडल स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्जवलित कर किया गया। सड़क दुर्घटना-कारण एवं निवारण विषय पर संभाग के तीनों जनपद के कक्षा नौ से बारह तक के सत्रह विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। भाषण प्रतियोगिता में सागर पांडेय प्रथम व सुशील कुमार पांडेय, मीनाक्षी मिश्रा, शारदेंदु मिश्र द्वितीय व अनन्या, शिवेंद्रनाथ त्रिपाठी तृतीय स्थान पर रहे। सभी विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। मंडल स्तर पर प्रतिभाग करने वाले इन तीन विद्यार्थियों के अतिरिक्त सत्रह अन्य विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी अलका शुक्ला ने बताया कि मंडल स्तर पर चयनित तीनों विद्यार्थी आगामी बारह दिसंबर को लखनऊ में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
मुख्य वन्य संरक्षक डॉ. प्रभाकर दुबे व मंडलायुक्त मुरली मनोहर लाल ने सड़क सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी। निर्णायक मण्डल में उप निदेशक सांख्यिकी दिनेश कुमार सिंह, संयुक्त निदेशक माध्यमिक शिक्षा कांताराम पाल, पुलिस उपाधीक्षक सुधीर कुमार, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) ओपी सिंह एवं सलिल पाण्डेय ने विषय वस्तु, संप्रेषण शैली, भाषा शैली, समय सीमा एवं संभाषण की प्रभावकारिता बिन्दुओं पर 50 अंकों के आधार पर चयन किया।