जिगना। पं. दीनदयाल अंत्योदय राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह के सदस्यों का प्रशिक्षण कार्यक्रम और प्रदर्शनी का आयोजन सोमवार को गैपुरा में किया गया। इसका उद्घाटन केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने किया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति की सहभागिता के बगैर देश के विकास की कल्पना नहीं की जा सकती है। प्राकृतिक फूलों से अगरबत्ती बनाने का प्रशिक्षण लेकर महिलाएं आत्म निर्भर बनेंगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश की सरकार स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उद्योग के लिए प्रेरित कर रही है। महिलाएं स्वावलंबी होकर देश के विकास में सहभागिता दिखाएं। विशिष्ट अतिथि निदेशक सी मैप लखनऊ प्रोफेसर अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि नारी शक्ति संगठित होकर समाज की कुरीतियों को दूर कर सकती हैं। सीडीओ प्रियंका निरंजन ने कहा कि पुराने जमाने में महिलाएं बचत कर संकट के समय में परिवार को कठिनाईयों से बचाती थी। स्वयं सहायता समूह का आधार भी यही है। संजय कुमार पांडेय ने एनआरएलएम के कार्यों की जानकारी दी।