मिर्जापुर। जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने जनपद के सभी चिकित्सकों को निर्देशित करते हुए कहा कि डाक्टर अपने प्राथमिक स्वास्थ केन्द्रों पर समय से उपस्थित होकर पूरे समय तक रहे और आये हुए मरीजो का परीक्षण करें। उपलब्ध दवाओं को दूर दराज से आये लोगों को दे। ताकि उन्हें स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की बात कही।
जिलाधिकारी अनुराग पटेल गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ समिति बैठक के दौरान विशेष मिशन इन्द्रधनुष अभियान एवं आयुष्मान भारत अभियान की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल से पांच मई तक चलने वाले ग्राम स्वराज अभियान में चयनित सभी गांव में कार्ययोजना बनाकर टीकाकरण अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि इस अभियान के अर्न्तगत ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत अधिकारी व प्रधानाध्यापकों का भी सहयोग लेकर टीकाकरण के प्रति जागरूक करने का कार्य कराए। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि इन्द्रधनुष अभियान के अर्न्तगत निर्धारित तिथियों में जिस प्राथमिक विद्यालय पर कैंप लगाया जाये उस दिन विद्यालयों पर अध्यापक उपस्थित रहकर कुर्सी, मेज, आदि की व्यवस्था करेंगे ताकि टीकाकरण में आये हुए छोटे-छोटे बच्चों लिए एमडीएम के तहत भोजन बनवाना भी सुनिश्चित करेंगे। जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी से भी कहा कि टीकाकरण के केंद्रों पर एएनएम व आशा के साथ आंगनबाडी कार्यकर्ती भी उपस्थित रहकर सहयोग प्रदान करेंगी जिलाधिकारी ने अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. विजय शंकर राय से कहा कि मिशन इन्द्रधनुष व आयुष्मान योजना के तहत कार्ययोजना बनाकर प्रत्येक उप जिलाधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी को उपलब्ध कराए ताकि अपने-’अपने क्षेत्र से उप जिलाधिकारी व खंड विकास अधिकारी के द्वारा भ्रमण कर निरीक्षण किया जा सकें। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. राय ने जिलाधिकारी को बताया कि 23 अप्रैल से 27 अप्रैल तक मिशन इन्द्रधनुष का विशेष अभियान जनपद में शासन के निदर्ञेश पर चलाया जा रहा है। जिसके समस्त तैयारियों पूर्ण कर ली गयी है। बैठक में उप जिलाधिकारी सदर अरविंद कुमार चौहान सहित सभी उप मुख्य चिकित्साधिकारी व एमओआईसी उपस्थित रहे।