क्षय रोग पर नियंत्रण के लिए निकली रैली में शामिल छात्राएं
मिर्जापुर। राष्ट्रीय क्षय नियंत्रण कार्यक्रम के तहत क्षय रोगियों की खोज के लिए शुक्रवार को टीबी अस्पताल से टीम को रवाना किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने टीम को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। उन्होंने कहा कि रोगियों की पहचान करने का कार्यक्रम 23 फरवरी से दस मार्च तक चलेगा। इस दौरान अस्पताल तिराहे से रैदानी कालोनी तक रैली निकाल कर लोगों को जागरूक किया गया।
रैली में शामिल महर्षि बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने टीबी रोग से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक किया। जिला क्षय रोग अधिकारी डा. एलएस मिश्र ने बताया कि इसके लिए जनपद में 140 टीमें बनाई गई हैं। इसमें 28 पर्यवेक्षक, नौ सेक्टर चिकित्साधिकारियों के साथ छह जोनल अधिकारियों की तैनाती की गई है। इस कार्यक्रम के तहत टीम घर घर जाकर क्षय रोग लक्षणों के बारे में पूछताछ करेगी। जिसमें दो सप्ताह से ज्यादा खांसी, बलगम, आना, बलगम में खून आना, लंबे समय से बुखार आना, भूख न लगना, वजन घटना, सीने में दर्द होना आदि शामिल है। इन लक्षणों के मिलने पर टीम मरीज के बलगम का सेंपल लेगी। जांच में क्षय रोग की पुष्टि होने पर दो दिन के अंदर उसे टीबी की दवा देना शुरू कर दिया जाएगा। इसमें जांच और दवा निशुल्क दी जाएगी। उपजिला क्षय रोग अधिकारी डा. नरेंद्र सिंह ने बताया कि सरकार द्वारा देश एवं प्रदेश को वर्ष 2025 तक क्षय रोग से मुक्त करने का लक्ष्य दिया गया है। इसी दिशा में क्षय रोग खोज अभियान चलाया जा रहा है। इस लक्ष्य की प्राप्ति हेतु विभाग ने कमर कस ली है। इस अवसर पर सतीश यादव, दुर्गेश कुमार, आदि मौजूद रहे।