मिर्जापुर। मतदेय स्थलों पर बैलेट पेपर और बाक्स के साथ मतदानकर्मी देर शाम तक पहुंच गए। बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुबह साढ़े सात बजे से मतदान शुरू हो जाएगा। अब बारी जनादेश की है तो आइए अपने शहर की सरकार चुनने मतदान केंद्रों तक।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुधवार को नगरपालिका चुनाव के लिए मतदान होगा। जिले के 332 बूथों पर दो लाख 51 हजार 703 मतदाता नगर निकाय चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों 702 के भाग्य का फैसला करेंगे। अध्यक्ष के चार पदों के लिए 36 प्रत्याशी मैदान में हैं जबकि सदस्य के 100 सीटों के लिए 666 प्रत्याशियों में मुकाब ला है। मिर्जापुर नगर पालिका और कछवां नगर पंचायत के लिए राजकीय इंटर कॉलेज महुवरिया और अहरौरा और चुनार नगर पालिकाओं के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री विश्राम सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चुनार से पोलिंग पार्टियों की सुबह 10 बजे से ही रवानगी शुरू हो गई थी।
शाम तक पोलिंग पार्टियों ने बूथों की कमान संभाल ली। वहां सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। मतदान मतपत्रों के जरिए कराया जाना है। निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक व आईएएस शंभू नाथ, जिला मजिस्ट्रेट बिमल कुमार दुबे और सीडीओ प्रियंका निरंजन ने मौका मुआयना कर स्थिति जानी।
मिर्जापुर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद का एसडीएम सदर अरविंद चौहान और सभासद पद के आरओ विनोद कुमार, राजेश कुमार दूबे, रत्नाकर सिंह, विनोद कुमार जायसवाल, अनय कुमार मिश्र, संजय कुमार, सुनील कुमार तिवारी और मुकेश कुमार सारंग ने पार्टियों को रवाना कराया। कछवां नगर पंचायत के आरओ एसडीएम लल्लन राम, एआरओ नीरज दूबे और अमित कुमार मिश्र ने रवाना कराया। कई बीमार कर्मचारी अंतिम क्षणों तक ड्यूटी कटवाने के लिए पीडी हरिचरण सिंह से गुजारिश करते रहे लेकिन सुनवाई नहीं हु। कार्मिक अपने साथियों को खोजने में परेशान रहे। पोलिंग पार्टियों के बूथों तक पहुंचने के बाद जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने बूथों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद पोलिंग पार्टियों के पहुंचने पर जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने राहत की सांस ली।
छोटे-छोटे बच्चों संग ड्यूटी को रवाना हुई महिलाएं
मिर्जापुर। नगर निकाय चुनाव में कंप्यूटर द्वारा ड्यूटी आवंटन होने से कर्मचारियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। जिन महिलाओं के बच्चे छोटे-छोटे थे, उनको ड्यूटी के लिए खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। काफी गुजारिश के बाद ड्यूटी नही कटने पर थक हारकर बच्चों संग ड्यूटी के लिए रवाना हुई। कई महिलाओं के पति अथवा परिवार वालों को भी साथ जाना पड़ा।
अतिसंवेदनशील बूथों पर रहेगी निगरानी
मिर्जापुर। नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए बूथों को संवेदनशील, अतिसंवेदनशील और अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी में बांटा गया है। नगर पालिका परिषद मिर्जापुर के 38 वार्ड के लिए 71 मतदान केंद्रों के 246 बूथों पर चुनाव होगा। चुनाव में 15 सामान्य, 17 संवेदनशील, 54 अति संवेदनशील और 13 अति संवेदनशील प्लस केंद्र हैं। मिर्जापुर में 10 संवेदनशील, 46 अति संवेदनशील और आठ अति संवेदनशील प्लस केंद्र, चुनार के 25 वार्ड के 71 मतदान केंद्रों के 45 बूथों पर चुनाव होगा। इसमें तीन संवेदनशील, चार अतिसंवेदनशील और चार अतिसंवेदनशील प्लस केंद्र हैं। वहीं अहरौरा के 25 वार्ड के नौ केंद्रों के 25 बूथों पर चुनाव होगा। इसमें दो संवेदनशील, तीन अतिसंवेदनशील और एक अति संवेदनशील प्लस केंद्र है। वहीं नगर पंचायत कछवां के 12 वार्ड के लिए तीन मतदान केंद्र के 16 बूथों पर मतदान होगा। इसमें दो संवेदनशील, एक अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र है।
332 बूथों पर कल होगा मतदान
मिर्जापुर। नगर निकाय चुनाव जिले के नगर पालिका परिषद मिर्जापुर, अहरौरा, चुनार व नगर पंचायत कछवां में होना है। इसके लिए मतदान 100 वार्डों के 99 मतदान केंद्रों के 332 बूथों पर चुनाव होगा । जिले में दो लाख 51 हजार 703 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिसमें एक लाख 37 हजार 281 पुरुष और एक लाख 14 हजार 422 महिला मतदाता हैं। नगर पालिका परिषद मिर्जापुर के 38 वार्डों के 246 बूथ, चुनार के 25 वार्डों के 45 बूथ, अहरौरा के 25 वार्ड के 25 बूथ और नगर पंचायत कछवां के 12 वार्डों के 16 बूथों पर मतदान होना है। मिर्जापुर एक लाख 90 हजार 64, चुनार में 30 हजार 509, अहरौरा में 18 हजार 808 तथा नगर पंचायत कछवां में 12 हजार 322 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।