चुनार। वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत राघवेंद्र रामलीला कमेटी चुनार की ओर से बालू घाट गंगा तट पर रविवार को अनंत चतुर्दशी पर श्री हरि और मां लक्ष्मी की झांकी सजाई गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने झांकियों के दर्शन किए।
नगर के प्रमुख व्यवसायी रामेश्वर दास अग्रवाल व अंबिकेश्वर अग्रवाल के पूर्वजों की ओर से सैकड़ों वर्षों पूर्व गंगाघाट पर श्रीहरि और मां लक्ष्मी की झांकी सजाई गई थी। तबसे यह परंपरा चलती चली आ रही है। गंगा किनारे फूल और मालाओं से सजाए गए नाव पर शेषनाग के शैया पर श्रीहरि व लक्ष्मी जी के विराजमान होने की झांकी का दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े रहे। इसके साथ ही गंगाघाट के पास स्थित शिवजी, व संतोषी माता मंदिर को भी फूल माला, झालर से सजाया गया था। देर रात भजन कीर्तन होता रहा। इस दौरान गंगाघाट पर लगी दुकानों पर लोगों ने खरीदारी की। बच्चों ने भी अपने मन पसंद के खिलौने खरीदी। झांकी सजाने वालों में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अखिलेश मिश्रा, चन्द्रहास गुप्ता, अविनाश अग्रवाल, पवन पांडेय, श्यामू गुप्ता, योगेश पांडेय, गौरी दीक्षित शामिल रहे।