बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह एवं सीएम योगी आदित्यनाथ को काला झंडा दिखाने व मिर्जापुर के नौजवानों के रोजगार की समस्या को दूर करने के लिए ज्ञापन देने जा रहे कांग्रेसजनों को पुलिस ने बुधवार को वासलीगंज चौराहे पर गिरफ्तार कर लिया। दोनों नेेताओं के जाने के बाद शाम छह बजे को कांग्रेसजनों को छोड़ दिया गया। पुलिस ने कहा कि अगर वह नारेबाजी या कोई अन्य कार्य करने का प्रयास करेंगे तो उनके विरुद्घ गंभीर मामले दर्ज कर लिए जाएंगे। इस पर कांग्रेसजन शांत हो गए।
बुधवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश के मुख्यमंत्री के विंध्याचल में आगमन होने की जानकारी मिलने पर यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव इमरान खान, एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश मिश्रा, नगर अध्यक्ष अब्दुल वाहिद, पूर्व अध्यक्ष चुनमुन शुक्ला, वरिष्ठ नेता रामश्रृंगार दूबे, अरबाज खान, सोनू आदि नेता काला झंडा दिखाने जा रहे थे। इसके अलावा रोजगार के लिए भटक रहे जिले के नौजवानों को रोजगार दिलाने की मांग का ज्ञापन सौंपने जा रहे थे। लेकिन इसी बीच पुलिस को इनके कार्य की भनक लग गई। जानकारी होते ही पुलिस वासलीगंज चौराहे पर पहुंची और सभी को गिरफ्तार कर सतीश मिश्रा के घर पर ही नजर बंद कर दिया। युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव इमरान खान ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार लोकतंत्र की हत्या करने का प्रयास कर रही है। जनता की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन ऐसा नहीं होगा। वह जनता की आवाज को बुलंद करते हुए सभी के सामने लाने का प्रयास करेंगे। ताकि इस गूंगी बहरी सरकार को उनकी आवाज सुनाई दे और वह उनका विकास करने का प्रयास करे। कहा कि जब मिर्जापुर की जनता मोदी और योगी के झूठे वादे में नहीं फंसने वाली है। जिले के नौजवानों को झूठा वादा नहीं, अब रोजगार चाहिए। जिससे उनकी रोजी रोटी चल सके। एनएसवाई के पूर्व अध्यक्ष सतीश मिश्रा ने कहा कि मोदी और योगी लोगों से केवल झूठे वादे कर उनका शोषण कर रही है। उनके कीमत वोटों के बल पर सत्ता में आ गई । यहीं खेल दोबारा खेलकर सत्ता की बाजी जीतना चाहती है। लेकिन अब जनता उनके इन जुमले वादों को समझ चुकी है और इस बार के लोकसभा चुनाव में उनको जरूर सबक सिखाएगी।