विंध्याचल । सीएचसी विंध्याचल में मंगलवार की दोपहर पहुंची महिला का प्रसव लेबर रूम बंद होने और नर्स के न रहने से नहीं हो पाया। इससे नाराज परिवार के लोगों ने हंगामा किया। चिकित्सा प्रभारी डा. संतोष सिंह ने आनन फानन में महिला को जिला महिला चिकित्सालय रेफर कर दिया तब मामला शांत हुआ।
विंध्याचल थाना क्षेत्र के शिवपुर बेदऊर गांव निवासी मनोज की पत्नी सुनीता देवी को प्रसव पीड़ा होने पर मंगलवार की सुबह दस बजे उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विंध्याचल पर लाया गया था। पता चला कि स्वास्थ्य केंद्र पर न तो महिला डाक्टर थी न ही नर्स थी। लेबर रूम में भी ताला लगा हुआ था। पता किया तो पाया गया कि दोपहर दो बजे तक अस्पताल में कोई नहीं पहुंचा था। यह सुनते ही परिजन हंगामा मचाने लगे। परिजनों के हंगामे को देखते हुए केन्द्र प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने तुरंत 102 एंबुलेंस से जिला महिला चिकित्साल़य रेफर किया। तब परिजन शांत हुए। विगत महीनों से अस्पताल की सारी व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। जहां पर तैनात तीन नर्स, एक महिला संविदा डाक्टर की तैनाती की गई है। मगर एक का तो तबादला हो गया है और एक छुट्टी पर है। इससे स्वास्थ्य केंद्र एक नर्स के सहारे चल रहा है।