मिर्जापुर। मड़िहान तहसील क्षेत्र के गढव़ां उत्तरी गांव के लोगों ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर सिंचाई एवं वन विभाग के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि विभागीय अधिकारियों मिलीभगत से भूमाफिया सिरसी बांध के पास बने मकान को उजाड़ कर उन्हें बेघर कर दिया गया है। ऐसी स्थिति में वह खुले आसमान के नीचे रहने को विवश हैं। यहीं नहीं जमीन पट्टा पर नहीं मिलने के चलते भूखों मरने को मजबूर हैं। प्रदर्शन करने वालों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप कर पूरे मामले की जांच करा कर कार्रवाई करने की मांग की है।
गढ़वा उत्तरी के लोगों ने बताया कि वह लोग अपने गांव के निवासी है। काफी दिनों से अपने क्षेत्र में रहते थे। मेहनत मजदूरी कर परिवार को चलाते थे, लेकिन इसी बीच सिरसी बांध वहां बना दिया गया । जिससे उन्हें डूब क्षेत्र की जमीन बताते हुए वहां से निकाल दिया गया। कुछ दिनों बाद वह पास में मकान बनवा कर रहने लगे। काफी प्रयास के बाद डूब क्षेत्र में उनको जमीनें पट्टा की गई लेकिन कुछ वर्षों से भूमाफियों का वहां दखल होने के चलते उनको पट्टे से बेदखल कर दिया गया है। भूमाफिया अधिकारियो से मिलीभगत कर डूब क्षेत्र के जमीन का पट्टा करा ले रहे हैं जिससे उनको खेती के लिए जमीने नहीं मिल पा रही हैं। यहीं नहीं गत दिनों भू माफियाओं ने अधिकारियों से मिलीभगत कर उनका मकान भी गिरवा दिया। लोगों ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की जांच करा कर जमीन पट्टा पर दिलवाने की मांग की है। मांग करने वालों में गोविंद, शारदा, छोटे, नंदलाल, सियाराम, रामजी, जगरनाथ, मुसई, मोहन, रामलाल, अमरवती, सोना, बंशी, कल्लू, कमलेश आदि सैकड़ों ग्रामीण शामिल हैं।