मिर्जापुर। साफ-सफाई के मामले में मिर्जापुर रेलवे स्टेशन उत्तर मध्य रेलवे मंडल में अव्वल है। मंडल में 15 से 31 अगस्त तक चले ‘स्वच्छ रेल स्वच्छ भारत’ अभियान के दौरान यहां की स्वच्छता बेहतर पाई गई। इसके लिए स्टेशन अधीक्षक आईए सिद्दीकी को पुरस्कृत किया गया।
रेलवे बोर्ड ने उत्तर मध्य रेलवे इलाहाबाद मंडल में ‘स्वच्छ रेल स्वच्छ भारत अभियान’ पखवाड़ा आयोजित किया था। इसके तहत 16 अगस्त को स्वच्छता जागरुकता दिवस मनाया गया। प्रभात फेरी निकाली गई। नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को जागरूक किया गया। 17 को स्वच्छ संवाद दिवस, 19 अगस्त को स्वच्छ स्टेशन दिवस मनाया गया। जागरूकता के बाद स्टेशन पर कूड़े दान रखवाया गया। स्वच्छ रेलगाड़ी दिवस पर 21 अगस्त को इलाहाबाद मंडल से गुजरने वाली गाड़ियों में सफाई की पड़ताल की गई। यात्रियों से इसका फीडबैक लिया गया था। 23 अगस्त को स्वच्छ परिसर दिवस पर कार्यालय, रेलवे अस्पताल, स्कूल, कोचिंग डिपो आदि की सफाई की जांच की गई। 25 अगस्त को स्वच्छता आहार दिवस के तहत कैटरिंग, ट्रेनों के पेंटीकार, आदि चेक किए गए। 27 को नीर दिवस पर स्टेशन पर पानी की व्यवस्था और टंकियों आदि की सफाई की जांच की गई। 29 व 30 अगस्त शौचालय और स्नानागार की जांच की गई। इस दौरान अच्छे कार्य करने वाले पर्यवक्षेकों तथा यूनिट का चुनाव किया गया और इनमें मिले अंकों के आधार पर बेस्ट क्लीन स्टेशन का चुनाव किया गया। मिर्जापुर को अंकों के आधार पर पहला स्थान मिला। डीआरएम इलाहाबाद संजय पंकज ने स्टेशन अधीक्षक को पुरस्कृत किया। स्टेशन अधीक्षक को सबसे अच्छा कार्य करने के लिए सम्मानित किए जाने पर मिर्जापुर रेल अधिकारियों व कर्मचारियों ने हर्ष जताया है।