मिर्जापुर। मुखबिर की सूचना पर देहात कोतवाल व गुरसंडी चौकी प्रभारी ने सोमवार की सुबह विद्यालय में छात्र की मौत पर आयोजित किए गए शोक सभा के दौरान पहुंच कर कॉलेज के प्रबंधक व प्रधानाचार्य को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया। ये बातें सीओ सदर बृजेश तिवारी ने सोमवार को देहात कोतवाली में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान बताई।
उन्होंने बताया कि पंडित पारसनाथ मेमोरियल इंटर कॉलेज गुरसंडी का गेेट 19 अगस्त को गिरने के कारण उसमें पढ़ने वाले एलकेजी के छात्र हर्ष यादव की मौत हो गई थी। मामले की जानकारी होने पर मृतक के दादा ने कॉलेज के प्रबंधक दिलीप कुमार तिवारी पुत्र अछैवरनाथ तिवारी निवासी पतलुकिया देहात व प्रधानाचार्य सर्वेश नारायण पांडेय पुत्र रामलखन पांडेय निवासी मझगवा लेढू की लापरवाही के चलते उसके पोते की मौत होने के आरोप लगाते हुए इनके विरुद्घ गैरइरादतन हत्या व समेत अन्य आरोपों में मुकदमा पंजीकृत कराया था। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्घ मामला पंजीकृत कर दोनों की तलाश शुुुरू कर दी थी। सोमवार को कोतवाल अशोक कुमार सिंह को सूचना मिली कि स्कूल में छात्र की मौत पर प्रबंधक ने शोक सभा का आयोजन किया है। जानकारी होते ही कोतवाल व गुरसंडी चौकी प्रभारी रामबदन यादव पहुंचे और प्रबंधक दिलीप तिवारी व प्रधानाचार्य सर्वेश नारायण पांडेय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बताते चलें कि शनिवार को कॉलेज में गेट लगा कर उसे नीचे से ईंट का सहारा दे कर छोड़ दिया गया था। गेट के दोनों ओर सर्पोट देने के लिए बांस बल्लियों का प्रयोग नहीं किया गया था। इससे गेट के गिरने की आशंका बनी थी। छात्र के स्कूल के टिफिन टाइम में गेट से गुजरते समय ही गेट उसके ऊपर आ गिरा था और वह बुरी तरह जख्मी हो गया था। आनन-फानन में कॉलेज के स्टाफ उसे लेकर चिकित्सालय पहुंचे थे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।