मिर्जापुर। जिले में प्रति किसान अधिकतम सौ क्विंटल धान की खरीद करनी है। इसमें प्रति किसान से पहले 75 क्विंटल धान की खरीद की जाएगी। शेष 25 क्विंटल की खरीद के लिए उसे एक सप्ताह बाद टोकन जारी किया जाएगा। केंद्र से संबद्ध सभी गांवों के किसानों को आनुपातिक रूप से चक्रवार टोकन दिया जाएगा। इसमें भी लघु व सीमांत किसानों के लिए वरीयता के साथ मंगलवार व शुक्रवार आरक्षित रखा गया है। पंजीकृत समितियों, एफपीओ, एफपीसी द्वारा केवल लघु और सीमांत किसानों से अधिकतम 60 कुंतल धान ही खरीद होगी। सभी क्रय केंद्रों से टोकन संबंधित एसडीएम के निर्देशन में तहसील के क्षेत्रीय विपणन अधिकारी अथवा संस्था प्रभारी द्वारा जारी करते हुए प्रति तहसील, जिला मुख्यालय पर संरक्षित की जाएगी। आरएमओ प्रभाकांत दुबे ने कहा कि सभी संस्था प्रभारी, क्रय केंद्र प्रभारी निर्देशानुसार समय से खरीद व भुगतान कराना सुनिश्चित करें।
खरीद को बने सात अतिरिक्त क्रय केंद्र
मिर्जापुर। खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 में मूल्य समर्थन योजना के तहत धान खरीद के लिए सात अतिरिक्त क्रय केंद्र खोलते हुए प्रभारियों की तैनाती की गई है। संभागीय खाद्य नियंत्रक एके पांडेय ने सदर तहसील क्षेत्र के विपणन शाखा गैपुरा द्वितीय में क्षेत्रीय विपणन अधिकारी (एएमओ) प्रमोद कुमार गुप्ता व विपणन शाखा पड़री द्वितीय में सुरेशचंद्र सरोज, लालगंज तहसील के विपणन शाखा लालगंज द्वितीय में सुरेश कुमार यादव, विपणन शाखा हलिया में हरिश्चंद्र प्रजापति, विपणन शाखा मड़िहान में लाल प्रताप सिंह और विपणन शाखा अहरौरा द्वितीय में राम प्रवेश यादव को जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं एएमओ विकास पांडेय, कौशल किशोर व अरुण कुमार को जिला खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय से संबद्ध किया गया है।