मिर्जापुर। नगर विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय महुआरी कला-प्रथम में गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी अविनाश सिंह ने बच्चों को स्वेटर और स्कूली यूनिफॉर्म का वितरण किया। कोविड- 19 के कारण 20 बच्चों को ही बुलाया गया।
बच्चों से सीडीओ ने 13,17 और 19 का पहाड़ा भी पूछा। कक्षा एक के बच्चे से एबीसीडी भी सुनी। बच्चों ने सीडीओ के सवालों का सही-सही जवाब देकर उन्हें खुश कर दिया। इस पर सीडीओ ने शिक्षकों की सराहना की। प्रोजेक्टर को ऑन कराकर शैक्षिक वीडियो भी देखा। अभिभावकों से उन्होंने कहा कि आप सब जब तक स्वयं अपने बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए जागरूक नहीं होंगे तब तक हम शिक्षा के उद्देश्य को प्राप्त नहीं कर पाएंगे। ये माता पिता की जिम्मेदारी है कि वे अपने बच्चों को स्कूल भेजें। शिक्षकों को उन्होंने और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए और कहा कि बुनियादी शिक्षा प्राप्त करने में कोई बच्चा न छूटे इसकी जिम्मेदारी हम सब की है। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी नगर महेंद्र मौर्य, सहायक अध्यापक धर्मराज सिंह, मनीषा द्विवेदी, किरन वर्मा, कुमुद, एआरपी अनिल त्रिपाठी और नागेंद्र दूबे, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि, एसएमसी अध्यक्ष और अन्य अभिभावक उपस्थित रहे।