हलिया। मनरेगा घोटाले की जांच करने के लिए चौदहवीं बार सीबीआई की टीम इंस्पेक्टर विनय चतुर्वेदी के नेतृत्व में जिले में शुक्रवार को जिले में पहुंची। सीबीआई दो सदस्यीय जांच टीम ने दोपहर में हलिया ब्लाक मुख्यालय पहुंची। वहां हलिया निवासी एक व्यक्ति से बंद कमरे में गहन पूछताछ की। जांच टीम ने ब्लाक मुख्यालय पर मनरेगा से जुड़े कुछ रिकार्डों को भी खंगाला। इसके पूर्व सीबीआई जांच टीम अष्टभुजा डाक बंगला से चलकर जिला मुख्यालय स्थित सेल टैक्स कार्यालय पहुंची जहां वर्ष 2007 से 2010 के बीच क्षेत्र पंचायत हलिया की ओर से मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों में सामान की आपूर्ति करने वाली फर्मों के अभिलेखों की जांच की ।
हलिया विकास खंड में वर्ष 2007 से 2010 तक मनरेगा के तहत क्षेत्र पंचायत की ओर से तीन करोड़ पचहत्तर लाख की लागत से कराए गए करीब 74 निर्माण कार्यों में हुए घोटाले की जांच सीबीआई कर रही है। इसके पहले सीबीआई इंस्पेक्टर अशरफ सिद्दीकी भी इस मामले की कई बार जांच कर चुके हैं। सीबीआई टीम मामले से जुड़े सभी कार्यों का स्थलीय सत्यापन भी कर चुकी है। इस मौजूदा समय में सीबीआई के डिप्टी एसपी प्रशांत कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व मामले की जांच टीम निर्णायक दौर में पहुंच चुकी है। सीबीआई ने कई तालाब, बंधी, कूप तथा मामले से जुड़े अन्य कार्यों की जांच कर चुकी है। शुक्रवार को जिले में चौदहवीं बार पहुंची टीम ने मनरेगा घोटाले की जांच की। ब्लाक मुख्यालय पर जांच और पूछताछ के दौरान सीबीआई इंस्पेक्टर के साथ सब इंस्पेक्टर नीरज वर्मा, बीडीओ सुदामा सिंह यादव, मुख्य लिपिक विमलेश मिश्र मौजूद रहे। ब्लाक मुख्यालय से पूछताछ करने के बाद सीबीआई टीम वापस जिला मुख्यालय लौट गई।