ग्रामीणों को संबोधित करते उपसचिव धीरेंद्र कुमार
पड़री (मिर्जापुर)। उप कृषि निदेशक डा. अशोक उपाध्याय ने सोमवार को पहाड़ी ब्लॉक के कई गांवों में फसलों का निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों को कृषि विभाग की ओर से चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कहा कि किसान ऑनलाइन पंजीयन कराकर सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि पिछले दिनों आंधी और बारिश के चलते गेहूं की कटाई और मड़ाई के कार्य में विलंब हुआ है, लेकिन इधर कई दिनों से कड़ी धूप होने से फसलों के डंठल में आई नमी समाप्त हो गई है। उन्होंने कहा कि फसलों का बीमा कराने वाले ऐसे किसान जिनकी फसल को बरसात और आंधी से नुकसान हुआ है, वे संबंधित बीमा कंपनी के प्रतिनिधि या किसान सहायक से संपर्क करें। फसलों के नुकसान का सर्वे सिर्फ संबंधित बीमा कंपनी और कृषि विभाग के अधिकारी ही करेंगे। ग्रामीण किसान सहायक अथवा बीमा कंपनी के प्रतिनिधि से फसलों के नुकसान का आकलन कराएं ताकि बीमा कंपनी से फसलों के नुकसान का मुआवजा दिलाया जा सके। उन्होंने बताया कि किसान जिला प्रबंधक विकास सिंह से 9356888324 संपर्क कर सकते हैं। किसान अपने नुकसान की जानकारी तत्काल दें। विलंब होने पर संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित किसान की होगी।
सरकार की ऋण मोचन योजना से जिले के 9119 किसान वंचित हुए हैं। इनमें आठ हजार किसानों ने 15 अप्रैल तक ऑनलाइन मुख्यमंत्री के पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। वंचित किसानों को सरकार से मदद की आस है। वहीं ऋण मोचन योजना के तहत सरकार जिले के 39 हजार 740 किसानों का लगभग 239 करोड़ रुपये कर्ज माफ कर चुकी है। वंचित किसानों की कर्ज माफी के लिए उप निदेशक कृषि डा. अशोक उपाध्याय ने नौ करोड़ रुपये के बजट की मांग शासन से की है।