मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के बैसुखिया गांव निवासी राजा दूबे ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर गांव में गंगा किनारे खनन माफियाओं द्वारा कराए जा रहे खुलेआम अवैध बालू के खनन पर रोक लगाने की मांग की। शासन की रोक के बावजूद खनन माफिया इन दिनों गंगा किनारे धड़ल्ले से बालू का खनन करा रहे हैं। यहीं नहीं नाव के रास्ते परिवहन भी कर रहे हैं। अवैध तरीके से खोदे गए बालू का भदोही के महराजगंज ले जाकर ऊंचे दामों में बेच रहे हैं। इनके विरुद्ध कार्रवाई न होने से इनका हौसला बढ़ गया है।
शिकायतकर्ता राजा दूबे ने बताया कि गत कई साल से खनन माफिया क्षेत्र में अवैध खनन के क्षेत्र में शामिल हैं। जो कोई विरोध करने का प्रयास करता है, उसे जान से मारने की धमकी देने लगते हैं। जिससे वह शांत हो जाता है। मामले की शिकायत कई बार मैने पुलिस और संबंधित विभाग से किया लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने डीएम से टीम बना कर गांव में छापेमारी कराकर खनन माफियाओें के विरुद्घ कार्रवाई कराने की मांग की। कहा कि जल्द ही छापेमारी नहीं किया गया तो शासन को लाखों रुपये की राजस्व की क्षति होगी।