मिर्जापुर। यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और जाम की समस्या से मुक्ति के लिए शहर के तिराहे और चौराहों पर जल्द ही दिल्ली की तर्ज पर आटोमैटिक ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएंगे। इसके लिए वाराणसी की एक कंपनी ने सर्वे का कार्य पूरा कर लिया है। आटोमैटिक ट्रैफिक सिग्नल लगते ही यह निश्चित हो जाएगा कि जाम के दौरान कौन सी सड़क चालू और कौन सी बंद रहेगी। प्रथम चरण में नगर के नटवा और बथुआ तिराहे पर सिग्नल लगाए जाएंगे। अगले दो दिनों के अंदर सिग्नल लगाने का कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा।
नगर में आए दिन जाम लगने से नागरिकों को परेशान होना पड़ता है। हर तिराहे और चौराहे पर सुबह, दोपहर और शाम को जाम लगने से कर्मचारी, छात्र और आम लोग फंस जाते हैं और समय से कार्यालय, कालेज या अपने मुकाम तक नहीं पहुंच पाते हैं। कई बार जाम की समस्या को दूर करने पर विचार हुआ। प्रयास भी हुए लेकिन समस्या दूर नहीं हुई। इसको गंभीरता से लेते हुए ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त कर जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने जिले के प्रमुख तिराहों और चौहारों पर आटोमैटिक ट्रैफिक सिग्नल लगाने की पहल की। उन्होंने जिलाधिकारी से बात कर इसके लिए बजट उपलब्ध कराने की मांग की। इसको गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने दस10 लाख रुपये का बजट मुहैया कराया है। इस बजट से जिले के नगरीय इलाके के तिराहों और चौराहों आटोमैटिक ट्रैफिक सिग्नल लगेंगे। इससे तिराहों और चौराहों पर लगने वाले जाम को हटाने के लिए पुलिसकर्मियों की जरूरत नहीं पड़ेगी। आटोमैटिक ट्रैफिक सिग्नल से ही यह तय हो जाएगा कि जाम के दौरान किस सड़क यातायात चालू और किस सड़क पर बंद रहेगा। वाराणसी की एक कंपनी ने नगर के प्रमुख तिराहों और चौराहों पर सिग्नल लगाने के संबंध में सर्वे का कार्य पूरा कर लिया है। सर्वे में नगर के नटवा और बथुआ तिराहे पर भारी वाहनों के घुसने से सबसे अधिक जाम लगने की समस्या सामने आई है। ऐसे में पहले चरण में इन दोनों तिराहे-चौराहे पर आटोमेटिक ट्रैफिक सिग्नल लगाने का निर्णय लिया गया है।
नटवा और बथुआ पर आटोमैटिक ट्रैफिक सिग्नल लगने से नगर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगेगी जिससे जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी। आटोमैटिक ट्रैफिक सिग्नल लगने से जाम के दौरान अपने आप एक तरफ का रास्ता बंद हो जाएगा और दूसरी ओर का खुला रहेगा। जब उस रोड के सारे वाहन निकल जाएंगे तब दूसरी ओर का खुल जाएगा। इसके अलावा पुलिस कर्मियों की चौराहे और तिराहे पर होने वाली तैनाती के झंझट से निजात मिलेेगी। उन्हें कहीं और तैनात कर उनसे काम लिया जा सकेगा।
एसपी आशीष तिवारी ने बताया कि जाम से निजात दिलाने के लिए नगर तिराहों और चौराहों पर आटोमेटिक ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएंगे। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। पहले चरण में बथुआ और नटवा तिराहे पर आटोमेटिक ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएंगे।