मिर्जापुर। शासन ने भूमाफियाओं पर कड़ी कार्रवाई करने के लिए जिला प्रशासन से जिले के दस बड़े भूमाफियों की सूूची उपलब्ध कराने को कहा है। निर्देशित किया है कि इन सभी भूमाफियों की सूची तैयार कर 13 दिसंबर तक शासन को भेज दी जाए ताकि इनके विरुद्घ नए साल से कार्रवाई शुरू कर दी जाए। शासन के इस कड़े निर्देश से जिला प्रशासन के अधिकारी सूची बनाने में जुट गए हैं।
प्रदेश सरकार के कड़े रुख के बाद अब भूमाफियाओं की खैर नहीं होगी। ग्राम समाज, ग्राम पंचायत, आबादी, तालाब, भीटा, सड़क तथा जंगल की सैड़कों बीघा जमीन को अवैध तरीके से कब्जा कर उसकी प्लाटिंग या अन्य कारोबार कर चैन की बंशी बजा रहे भूमाफियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। इसके लिए शासन ने प्रत्येक जिले के जिलाधिकारी से भूमाफियाओं की सूची मांगी है। सरकार से जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि पहले चरण में 13 दिसंबर तक दस बड़े भूमाफियों की सूची उपलब्ध करा दें, ताकि इनके विरुद्घ कार्रवाई की जा सके। शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी बिमल कुमार दुबे ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से भू माफियाओं को चिन्हित कर उनकी सूची तैयार करने को कहा है। इनमें से ऐसे दस बड़े भूमाफियाओं की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिया है जिन्होंने काफी जमीनों को अवैध तरीके से अर्जित किया है।
दस बड़े भूमाफियाओं की सूची तैयारी की जा रही है। शासन के निर्देशानुसार 13 दिसंबर तक सूची शासन को भेज दी जाएगी।
बिमल कुमार दुबे
जिलाधिकारी