विंध्याचल। विंध्याचल रेलवे स्टेशन पर नवरात्र के पूर्व इलेक्ट्रानिक सीढ़ी चलने लगेगी। इंटरसिटी एक्सप्रेस का स्टेशन पर पुन: ठहराव के सवाल पर कहा कि इसके लिए जल्द से जल्द कोई ठोस व कारगर कदम उठाए जाएंगे। ये बाते शुक्रवार को सांय चार बजे विंध्यधाम पहुंचे भारतीय रेलवे के चेयरमैन आलोक मित्तल एवं एमसी चौहान महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे इलाहाबाद ने विंध्य दरबार में मत्था टेकने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कही। इनको दर्शन-पूजन वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित राजन पाठक ने कराया।
शुक्रवार की शाम चार बजकर दस मिनट पर विंध्य दरबार में विधिवत दर्शन-पूजन करने के उपरांत रेलवे बोर्ड के चेयरमैन विंध्याचल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने तीनों प्लेटफार्मो को देखने के बाद निर्माणाधीन इलेक्ट्रानिक सीढ़ी कोे भी देखा। कहा कि नवरात्र पूर्व इलेक्ट्रानिक सीढ़ी चलने लगेगी। उन्होंने विंध्याचल रेलवे स्टेशन पर और सुविधा बढ़ाने के संकेत दिए। चेयरमैन ने कहा कि यहां पर किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रहेगी। यात्रियों को बड़े स्टेशनों की तरह पर्याप्त मात्रा में सुविधा की व्यवस्था कराई जाएगी। इस दौरान वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित राजन पाठक ने चेयरमैन से विंध्याचल रेलवे स्टेशन पर पटना-पूणे एक्सप्रेस, जोधपुर एक्सप्रेस तथा इंटरसिटी ट्रेन का ठहराव करने की मांग की। राजन पाठक की मांग पर चेयरमैन से इसपर विचार करने का आश्वासन दिया। निरीक्षण के बाद शाम पांच बजे वह भुवनेश्वर के लिए रवाना हो गए। चेयरमैन के आने की खबर लगते ही रेलवे विभाग पहले से ही चाक-चौकस दिखाई दे रहा था। दर्शन पूजन के दौरान प्रभारी डीआरएम अनिल कुमार द्विवेदी, सीनियर डीओएम अंशु पांडेय, इलाहाबाद सीनियर डीसीएम बृजेश मिश्रा, एआरईएम, आरपीएफ इंस्पेक्टर अर्जुन कौंतेय, विनोद कुमार, व रेलवे विभाग के तमाम आला अधिकारी लोग मौजूद रहे।