मिर्जापुर। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के 681 लाभार्थी अपात्र पाए गए हैं। उन्हें साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए आठ जुलाई तक का समय दिया गया है। चेतावनी दी गई है कि आठ जुलाई तक संबंधित निकायों में अपनी पात्रता के बारे में अभिलेखीय साक्ष्य प्रस्तुत नहीं करने पर उनको अंतिम रूप से अपात्र मान लिया जाएगा। साथ ही वह सूची शासन को भेज दी जाएगी। सूची में जिले के सभी चारो निकायों के लाभार्थी शामिल हैं।
अपर जिलाधिकारी तथा परियोजना निदेशक डूडा शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत नगर पालिका मिर्जापुर के 622 लाभार्थी, नगर पंचायत कछवां के 59, नगर पालिका अहरौरा के 150 तथा नगर पालिका चुनार के 179 लाभार्थियों द्वारा विभिन्न कारणों से आवास निर्माण नहीं कराया जा रहा है। इनमें से 681 लाभार्थी अपात्र हो गए हैं। अपात्र लाभार्थियों की सूची सबंधित निकायों को भेजी गई है। अपर जिलाधिकारी ने आगाह किया कि संबंधित लाभार्थी उस सूची को देख लें और अपनी पात्रता के संबंध में अभिलेखीय साक्ष्य आठ जुलाई तक संबंधित निकाय में प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके बाद किसी भी लाभार्थी का दावा मान्य नहीं होगा और सूची में अंकित लाभार्थियों को अंतिम रूप से अपात्र मानते हुए सूची सूडा मुख्यालय लखनऊ तथा शासन को भेज दी जाएगी।