राजगढ़। ददरा बाजार निवासी युवती साइबर ठगी का शिकार हो गई। ठगों ने युवती को झांसे में लेकर चोरी के आरोप में रिश्तेदार को पकड़ लिए जाने तथा उसे बचाने के लिए 12 हजार रुपये खाते में मंगा लिया। दोबारा रुपये मंगाने पर युवती ने परिजनों को जानकारी दी तो ठगी का पता चला। युवती ने बुधवार को राजगढ़ थाने में तहरीर दी।
ददरा बाजार निवासी पार्वती ने राजगढ़ थाने में तहरीर देकर बताया है कि बुधवार को दोपहर में उनके मोबाइल नंबर पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि उनका रिश्तेदार चोरी के आरोप में पकड़ा गया है। लोग उसकी पिटाई कर रहे हैं। उसका बीडीओ भी भेजा गया। उसको छोड़वाने के बदले 12 हजार रुपये भेजने को कहा। फोन करने वाले ने युवती के व्हाट्सएप पर एक युवक की पिटाई का वीडियो तथा एक मोबाइल फोन नंबर भेजा। दोबारा फोन कर भेजे गए नंबर पर रुपये भेजने के लिए कहा। इस पर युवती ने घर वालों को बताए बगैर 12 हजार रुपये भेज दी। कुछ देर बाद 25 हजार रुपये और भेजने की बात कही गई। तब युवती ने घर वालों को बताया। इस पर घर वाले युवती को डांटने लगे। बाद में उसे पता चला कि वह ठगी का शिकार हो गई है। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि ठगी के मामले की तहरीर मिली है। इस मामले को साइबर सेल को भेज दिया गया है।