त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के चौथे चरण के लिए गुरुवार को जमालपुर और नरायनपुर में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। जिला पंचायत सदस्य के नौ व क्षेत्र पंचायत सदस्य के 226 पदों के लिए 62.05 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जमालपुर में 61.95 तथा नरायनपुर में 62.15 फीसदी वोटिंग हुई। बारिश की वजह से शुरुआत में मतदान की गति काफी धीमी रही। मतदान शुरू होने के कुछ समय बाद वोटिंग ने रफ्तार पकड़ लिया। बारिश के बावजूद लोगों में चुनाव को लेकर भारी उत्साह दिखा। जिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक अरविंद सेन ने जमालपुर में धारा, मठना, जमालपुर के बूथों और नरायनपुर में बूथों का निरीक्षण किया। बारिश की वजह से कई बूथों पर अंधेरा छाया रहा। पेट्रोमैक्स जला कर मतदान कराया गया।
जल जमाव से मतदाताओं को परेशानी : नरायनपुर। बैंकुंठपुर स्थित बूथ 107 के सामने जल जमाव काफी था। जिसके कारण मतदाताओं को मतदान करने के लिए जाने में परेशानी हो रही थी। कई मतदाता फिसल कर गिर गए। प्रत्याशी और मतदाताओं के शिकायत करने पर पहुंचे एसडीएम चुनार अवधेश मिश्रा और सीओ ने जेसीबी से दीवार गिरवा कर जल निकासी की व्यवस्था कराया। जब मतदाताओं ने राहत की सांस ली।