ड्रमंडगंज। श्यामा प्रसाद मुखर्जी रुर्बन मिशन के तहत हलिया ब्लाक क्षेत्र के चयनित बारह गांवों में शतावर पौधरोपण की शुरुआत गुरुवार को जिला उद्यान अधिकारी मेवाराम ने हलिया गांव में शतावर के पौधे रोपकर की। शतावर से दवा तैयार की जाती है।
लगभग एक बीघे में शतावर का उत्पादन कर लाखों रुपये की आमदनी की जा सकती है। शतावर दुधारू पशुओं के लिए बहुत ही लाभप्रद माना गया है। हलिया ब्लाक के पुरवा औसान सिंह, हथेडा, हलिया, अहुगी कलां, दीघिया, बरी, बसुहरा, देवघटा पांडेय, मवई खुर्द, सोठिया कलां, भटवारी आदि 12 गांवों में साठ हेक्टेयर में शतावर के पौधे रोपे जाएंगे। शतावर के पौधे को पशु तथा जानवर भी नहीं नुकसान पहुंचाते हैं। जिला उद्यान अधिकारी मेवाराम ने बताया कि चयनित बारह गांवों में शतावर के पौधे रोपने का कार्य शुरू कर दिया गया है। उद्यान विभाग की ओर से चयनित गांवों के इच्छुक किसानों को पौधे मुफ्त में दिए जा रहे हैैं।