मड़िहान। दीपनगर निवासी बीस वर्षीय युवक की पड़रिया बंधी के पानी में डूबकर दम घुटने से मौत हो गई। साथियों के शोरगुल पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। बंधी में खोजबीन कर लोगों ने युवक को पानी से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया।
रविवार की दोपहर आकाश सोनकर अपने दो साथियों के साथ बाईक से पड़रिया कला गांव स्थित हनुमान सागर बंधी में नहाने गया था। नहाते समय आकाश गहरे पानी मे चला गया। साथियों की आंखों से ओझल हो गया। कुछ देर तक इधर उधर देखने के बाद शोर मचाया तो आसपास के लोग बंधी की पानी में खोजने लगे। थोड़ी देर बाद पानी से बाहर निकाला गया। युवक की दम घुटने से मौत हो चुकी थी।