मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के तत्वावधान में जनपद के माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने अपने कॉलेजों में काली पट्टी बांधकर चेतावनी दिवस मनाया। साथ ही तदर्थ प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को विनियमितीकरण की मांग को लेकर शिक्षकों ने कलमबंद हड़ताल की।
जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि प्रदेश में कार्यरत अद्यतन तदर्थ शिक्षकों को विनियमित किया जाए। उनकी सेवा सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार निरंतर माध्यमिक शिक्षकों के साथ वादाखिलाफी कर रही है। वित्तविहीन शिक्षकों की सेवा नियमावली विधान मंडल से पास करवाकर सम्मानजनक मानदेय और उनकी सेवा सुरक्षा सुनिश्चित की जाय । राजकीय कर्मचारियों की भांति शिक्षक-शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को भी चिकित्सकीय सुविधा प्रदान की जाए। व्यावसायिक एवं कंप्यूटर अनुदेशकों को पूर्णकालिक शिक्षक का दर्जा दिया जाए। एलटी ग्रेड के प्रोन्नत वेतनमान में परास्नातक की बाध्यता समाप्त हो। साथ ही माध्यमिक शिक्षा में स्थानान्तरण की प्रक्रिया का सरलीकरण किया जाए। नगर के बीएलजे इंटर कॉलेज में जिला मंत्री विनय कुमार सिंह ने आंदोलन को व्यापक करने की चेतावनी दी। एएस जुबली इंटर कॉलेज में शिक्षक नेता राजेंद्र तिवारी ने शिक्षकों की समस्याओं पर चर्चा की। इस दौरान पंकज कुमार, बंबईराम, प्रशांत वर्मा, पवन सिंह, वीरेंद्र प्रताप, सर्वेश सोनकर, नरेंद्र श्रीवास्तव, सागर लाल, अनूप कुमार, दीपक सिंह, मनोज सिंह, राहुल सिंह, ओम प्रकाश, ज्योति वर्मा, बेबी दुबे, आराधना श्रीवास्तव, भारतीय श्रीवास्तव, कपूरचंद्र केशरवानी आदि रहे।