मिर्जापुर। घंटाघर स्थित नगर पालिका परिषद में सोमवार को नगरीय सुविधा समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान पेयजल, नाली सफाई और साफ सफाई का मुद्दा छाया रहा। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण किया जाएगा। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। इस दौरान आने वाले लोगों से कहा कि नगर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें। नगर में जल्द ही अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया जाएगा। जिन लोगों द्वारा नाली के बाहर निर्माण कार्य कराया जा रहा है अथवा अतिक्रमण किया जा रहा है। ऐसे लोग तत्काल अतिक्रमण हटवा लें। इस दौरान सभासद ताबीर शौकत, द्वारिका साहू, उमा जायसवाल, वीरेंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे।
नगर पालिका परिषद मिर्जापुर के अधिशासी अधिकारी वीरेंद्र श्रीवास्तव का स्थानांतरण आजमगढ़ हो गया। अधिशासी अधिकारी सोमवार को आजमगढ़ रवाना हो गए। प्रमुख सचिव मनोज कुमार सिंह द्वारा गत दिनों स्थानांतरण का आदेश जारी किया था। जनपद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगमन 11 जुलाई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन 15 जुलाई को हो रहा है। ऐसे कार्यक्रम के दौरान अधिशासी अधिकारी के स्थानांतरण से साफ-सफाई व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।