जिला पंचायत सभागार में अध्यक्ष प्रमिला सिंह की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक हुई। जिसमें जिला पंचायत मिर्जापुर के मूल बजट 2016-17 और विकास कार्यो पर चर्चा की गई। इस वर्ष 55 करोड़ का बजट पास किया गया। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समस्या छायी रही। समस्या से निजात दिलाने के लिए सदस्यों द्वारा पहाड़ों पर डैम आदि बनाने का सुझाव दिया गया। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में टैंकरों से पानी आपूर्ति कराने का निर्णय लिया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमिला सिंह ने नवनिर्वाचित चार सदस्यों सविता यादव, पारो यादव, कल्याण और अमरेश को शपथ दिलाया। साथ ही समितियों के गठन की पुष्टि भी किया। मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि सभी सदस्य क्षेत्र के विकास और जन समस्याओं को प्राथमिकता पर निस्तारित करें।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट पर अपनी दृष्टि बनाए रखें। जिससे ग्रामीण क्षेत्रोें में पेयजल समस्या होने पर प्राथमिकता पर पानी उपलब्ध कराएं। अध्यक्ष ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 24 टैंकर खरीदा जाएगा। जिससे लोगों को पानी उपलब्ध कराया जाएगा। बोर्ड बैठक के दौरान वर्ष 2016-17 का बजट पास किया गया।
इस वर्ष 55 करोड़ का आय और व्यय का बजट पास किया गया। मड़िहान विधायक ललितेशपति त्रिपाठी ने पहाड़ी क्षेत्रों मेें होने वाले पेयजल समस्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत से ग्रामीण क्षेत्रों में पानी उपलब्ध कराने के लिए समुचित कदम उठाया जाए। जिससे ग्रामीणों की पेयजल समस्या दूर हो सके।
बैठक का संचालन अपर मुख्य अधिकारी विंध्याचल सिंह कुशवाहा ने किया। बैठक के दौरान आरती सिंह, अंजनी नंदन पांडेय, अनुराग सिंह, वसीम अहमद, जगदीश, राजेश नारायण तिवारी, ब्लाक प्रमुख पहाड़ी प्रेमशीला, मझवां ममता सोनकर, राजगढ़ आशा देवी, नरायनपुर छांगुर, निबंधक रत्नाकर सिंह, इंद्रभान सिंह आदि मौजूद रहे।