ड्रमंडगंज (मिर्जापुर)। हलिया विकास खंड में क्रय केंद्रों पर धान खरीद का सिलसिला अब जोर पकड़ रहा है। कुल तीन क्रय केंद्रों में मवई कला, एग्रो के बरौंधा एवं हथेड़ा पर धान की खरीद प्रारंभ कर दी गई है। बताते चलें कि किसानों के सुविधानुसार विकास खंड में कुल चौदह क्रय केंद्रो की डिमांड भेजी गई है, लेकिन अभी तक स्वीकृति मात्र तीन ही केंद्रों पर हो पाई है। जबकि हलिया विकास खंड के कोरावल एवं पठारी क्षेत्रों में धान की मड़ाई करके किसानों द्वारा क्रय केंद्रों पर लाना शुरू कर दिया गया है। विगत वर्ष की भांति इस वर्ष किसानों को रेट का भी मुनाफा हो रहा है।
किसानों को इस वर्ष 1770 रुपये प्रति कुंतल के हिसाब से खरीद का मूल्य निर्धारित किया गया है। क्षेत्रीय किसान अपने धान की कटाई तथा मड़ाई में जोरों से लग गए हैं। विपणन केंद्र मवई कलां पर अब तक 43 किसानों से 25 सौ कुंतल धान की खरीद की गई है। जबकि लक्ष्य तीस हजार कुंतल का निर्धारित है। वहीं एग्रो के केंद्र हथेड़ा में दस किसानों से 554 कुंतल धान की खरीद की गई है तथा नौ किसानों के भुगतान आरटीजीएस के माध्यम से कर दिया गया है।
केंद्र पर किसानों की धान खरीदी जा रही तथा किसानों के धान की भुगतान आरटीजीएस के माध्यम से खातों में भेज दिया जा रहा है। विकास खंड में चौदह क्रय केंद्र की डिमांड भेजी गई है। अभी तक तीन क्रय केंद्रों की मंजूरी मिली है, इसलिए अभी थोड़ा मध्यम गति से धान की खरीद हो रही है। - अल्पना चौरसिया, विपणन निरीक्षक