प्रधानमंत्री जनता को दे सकते हैं कई सौगात
मिर्जापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 15 जुलाई को संभावित कार्यक्रम के दौरान चुनार में दो परियोजनाओं का लोकार्पण और दो का शिलान्यास के साथ जिले की जनता को जनता को कई सौगात भी दे सकते हैं। इसके लिए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल लगातार पीएमओ और मुख्यमंत्री कार्यालय से संपर्क बनाए हुए हैं जिससे प्रधानमंत्री के कार्यक्रम पर अंतिम मुहर लग सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव के दौरान जनता से चुनार पुल के पूरा कराने सहित जनपद के विकास का वादा किया था। अनुप्रिया पटेल के क्षेत्र में चुनावी वादों को पूरा करने में जुटी हैं। अपना दल (एस) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष सिंह पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री जनपद आगमन के दौरान चुनार पुल और बाण सागर परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही अनुप्रिया पटेल का प्रयास है कि प्रधानमंत्री के हाथों 600 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इंडियन आयल टर्मिनल, 229 करोड़ से नटवां तिराहा मिर्जापुर से इलाहाबाद सीमा तक नेशनल हाईवे नंबर 76 के फोर लेन, उच्चीकरण और मेडिकल कालेज का शिलान्यास भी हो।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री के हाथों जिले की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम बनने की खबर गौरव का विषय है। मिर्जापुर संसदीय क्षेत्र की जनता प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का हृदय से आभारी है।