मिर्जापुर। ग्राम स्वराज अभियान के तहत गांवों का कायाकल्प किया जाएगा। जिले में ग्राम स्वराज अभियान के तहत चयनित 116 गांवों के लोगों तक सरकार की सभी योजनाओं को पहुंचाना है। सभी विभागों के अधिकारी पांच मई तक निर्धारित लक्ष्य को पूरा करें। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ये बातें उप सचिव खाद्य व सार्वजनिक वितरण मंत्रालय और सार्वजनिक वितरण विभाग धीरेंद्र कुमार ने रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक में कहीं।
उप सचिव ने कहा कि ग्राम स्वराज अभियान के तहत चयनित 116 गांवों में सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके तहत राशनकार्ड, स्वच्छता, शौचालय, गैस कनेक्शन वितरण, विद्युतीकरण, सड़क निर्माण सहित अन्य योजनाओं को शत प्रतिशत पूरा करना है। उन्होंने कहा कि अभियान चलाकर पांच मई तक सभी लक्ष्य पूरा करना है। प्रत्येक 10 गांव पर मानीटरिंग के लिये एक नोडल अधिकारी बनाया गया है। कहा कि अभियान का उद्देश्य पंचायती राज संस्थाओं को सुदृढ करना एवं सामाजिक समरस्ता को बढ़ावा देना है, साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के गरीब परिवारों तक पहुंच बढाना, क्रियान्वित कार्यक्रमों पर आम जन की प्रतिक्रिया प्राप्त करने, नये प्रयासों को सम्मिलित करने, कृषको के आय को दुगनी करने पर बल दिया। कहा कि ग्राम सभाओं में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जाये। ब्लॉक में चयनित गांव में सड़क, बिजली, विद्युत कनेक्शन, पेयजल, शौचालय, पेंशन, बेसिक शिक्षा के तहत सभी बच्चों का शत प्रतिशत नामांकन कराए। बैठक में परियोजना निदेशक डा. हरिचरन सिंह, डीपीआरओ बालेशधर द्विवेदी, उप कृषि निदेशक डा. अशोक उपाध्याय, डीपीओ प्रमोद सिंह, डीडीओ मनोज राय, प्रभारी डीएसओ पारस पाल, एआर कोआपरेटिव रत्नाकर सिंह, बीडीओ सुनील तिवारी, भावना यादव, नीरज दूबे, बीईओ शशिकांत श्रीवास्तव, एमए विंध्याचल सिंह कुशवाहा आदि ने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दिया।