मिर्जापुर। राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना के तहत 135 करोड़ रुपये की लागत से 2112 मजरों में विद्युतीकरण किया गया है। फिर भी अभी तक जनपद के अधिकांश मजरों में बिजली नहीं पहुंच पाई है। अभी भी 574 मजरे ऐसे हैं जहां पर पोल व तार तक नहीं लग पाए हैं। जिनको रोशन करने की कार्यवाई चल रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शपथ लेने के बाद घर-घर बिजली पहुंचाने का फरमान जारी किया था। इस पर उन्होंने अमल भी किया है। उन्होंने बिजली विभाग को निर्देशित किया है जिन गांवों में बिजली नहीं है, उन गांवों की रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाए। जिससे उन गांवों में बिजली पहुंचाने की कार्रवाई शुरू की जाए। शासन के निर्देश बिजली विभाग ने ऐसे गांवों को चिन्हित कर शासन के पास इसकी रिपोर्ट भेज दिया है। विभाग की माने तो जिले में 1675 गांव हैं। इसमें चार हजार चार सौ 98 मजरे हैं। इनमें से 137 मजरों में अभी तक बिजली नहीं पहुंची है। शेष तीन हजार 787 ऐसे मजरे हैं जिनमें आंशिक रूप से बिजली है तो लेकिन इन मजरों के कुछ बस्तियों में पोल व तार तो गए हैं लेकिन बिजली नहीं पहुंच पाई है। 574 ऐसी बस्तियां हैं जहां पर पोल तार तक नहीं पहुंच पाये हैं। जिनमें बिजली पहुंचाने के लिए प्रस्ताव बना कर शासन के पास भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही बिजली पहुंचाने का कार्य शुरू किया जाएगा।