मिर्जापुर। नगर के लोगों को स्वच्छता पर प्रेरित करने के लिए नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने गलियों में झाडू लगाया। उन्होंने वार्ड के लोगों से स्वच्छता अभियान में सहयोग मांगा। कहा कि बिना जन सहयोग के नगर को स्वच्छ नहीं बनाया जा सकता है। नगर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए नागरिक स्वयं श्रमदान करें।
उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों और दूकानों में कूड़ेदान रखें। सड़कों पर कूड़ा नहीं फेंके। नगर पालिका की ओर से कूड़ों के उठान की समुचित व्यवस्थाएं की गई है। इसमें प्रत्येक नागरिक का सहयोग होना जरूरी होता है। इसलिए नगर एवं कालोनियों में साफ सफाई की स्वयं जिम्मेदारी का निर्वाहन करें। बताते चलें कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत पूरे देश में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अधिशासी अधिकारी के नेतृत्व में कर्मियों ने कच्ची सड़क, बाजीराव कटरा से तेलियागंज, डंकीनगंज, शुक्लहा तिराहा आदि स्थानों पर सफाई किया। इसमें मुख्य सफाई निरीक्षक कमलाकांत शुक्ला, संजय जायसवाल आदि मौजूद रहे। वहीं पूर्वांचल विकास परिषद के तत्वावधान में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत अध्यक्ष अमिताभ पांडेय और कंचन पांडेय ने पखवारे के तहत संगमोहाल से तेलियागंज चौराहात तक सफाई किया। उन्होंने कहा कि गांधीजी के विचारों को आत्मसात करके उनके पद चिन्हों पर चलने का प्रयास करें। इस दौरान दीनानाथ मिश्र, मुन्नालाल मोदनवाल, विजय सागर कसेरा, भोजराज तिवारी, ओमकारनाथ गुप्ता, अनुराग पांडेय आदि मौजूद रहे।