मिर्जापुर। चुनार क्षेत्र के लोगाें को आने वाले समय में इलाज के लिए मुख्यालय या दूसरे जिले की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। बेहतर इलाज के लिए पीएचसी परिसर में 50 बेड का अस्पताल बनकर तैयार हो गया है। जो हैंडओवर होना बाकी है। हैंडओवर के साथ ही डाॅक्टरों व कर्मचारियों की तैनाती होना अभी बाकी है। इसके लिए सीएमओ ने शासन को पत्र भी लिखा है।
चुनार में मरीजो के बेहतर इलाज की सुविधा के लिए चेचरी मोड़ पर 30 बेड की सीएचसी और तहसील में चार बेड की पीएचसी है। जिले में मंडलीय अस्पताल के अलावा सीएचसी-पीएचसी ही है। चुनार का इलाका काफी बड़ा है। जहां के लोग इलाज कराने के लिए वाराणसी चले जाते हैं। चुनार में इलाज की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 2022 में 50 बेड का अस्पताल स्वीकृत हुआ। तीन करोड़ की लागत से एक अप्रैल 2023 को अस्पताल भवन के निर्माण का काम शुरू हुआ।
अब 50 बेड का अस्पताल बनकर तैयार हो गया है। कार्यदायी संस्था यूपीआरएनएसएस की मिर्जापुर इकाई ने निर्माण कराया है। अस्पताल बनने के बाद अब एक ही छत पर ओपीडी में विशेषज्ञ डाॅक्टरों से इलाज की सुविधा मिलेगी। साथ ही प्रसव, जांच, ऑपरेशन आदि की सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। जांच में एक्सरे आदि भी सुविधा भी उपलब्ध होगी। अस्पताल बनकर तैयार हो गया है। हालांकि हैंडओवर होना बाकी है।
सीएमओ ने मुख्यालय को डाॅक्टरों व अन्य कर्मचारियों के पद सृजित कर तैनाती के लिए मुख्यालय को पत्र लिखा है। पत्र में अस्पताल में संसाधन उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
कोट :
50 बेड का अस्पताल बनकर तैयार हो गया है। हैंडओवर होना बाकी है। मानव संसाधन, उपकरण व बजट आदि के लिए पत्र लिखा गया है। - डाॅ. सीएल वर्मा, सीएमओ