मिर्जापुर। 12 विकास खंडों की 24 ग्राम पंचायतों में शुक्रवार को ग्राम चौपाल में शुक्रवार को 43 शिकायतें आईं। सभी का समाधान किया गया। इसमें नामित नोडल अधिकारियों ने ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं। जिला विकास अधिकारी राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि सभी शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया।
चील्ह-कोन ब्लॉक क्षेत्र के मझिगवां में प्रशासक राजमनि देवी की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत अधिकारी पप्पू मोदनवाल ने ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं। चौपाल में ज्यादातर मामले राशन कार्ड, जल निकासी और शौचालय से जुड़े रहे। ग्राम पंचायत अधिकारी ने समस्याओं का मौके पर निस्तारण कर दिया। इस दौरान अमरेश यादव, इंद्रपाल सिंह, राधा यादव आदि मौजूद रहे।
सिटी ब्लॉक क्षेत्र के पड़रा हनुमान और चितावनपुर गांव में भी शुक्रवार को ग्राम चौपाल आयोजित की गई। पड़रा हनुमान गांव में आयोजित चौपाल में राजस्व, बिजली, जलकल और पशुपालन विभाग के अधिकारी अनुपस्थित रहे। इससे इन विभागों से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण नहीं हो सका, जिस पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई।
वहीं, चितावनपुर गांव में चकरोड़, नाली, प्रधानमंत्री आवास और शौचालय जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने विरोध दर्ज कराया। हलिया में शुक्रवार को गांव की समस्या गांव में समाधान के उद्देश्य से चौपाल लगी। अधिकारियों ने समस्याएं सुनीं और हर संभव समाधान का भरोसा दिया। बेदऊर तथा इंद्रवार पंचायत भवनों पर उपस्थित सचिव बाल कृष्ण और विनय यादव ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान प्रशासक राजेश कुमार, सुरजीत सिंह आदि मौजूद रहे।
जिगना। छानबे ब्लॉक के ग्राम पंचायत बौता बिशेषर एवं नौगांव में आयोजित चौपाल में आवास, पेंशन, नाली, हर घर नल योजना, राशन कार्ड में यूनिट बढ़ाने और फार्मर रजिस्ट्री न होने के मुद्दे ग्रामीणों ने उठाए। नौगांव में सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण प्रेमचंद पटेल, एडीओ कृषि प्रतीक सिंह और धनन्जय बिंद ने समस्याएं सुनीं तथा निस्तारण का भरोसा दिया।