मिर्जापुर। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट अनुराग पटेल ने सोमवार की देर शाम राजकीय पालीटेक्निक पहुंचकर चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मतदेय स्थलों के लिये तैयार की जा रही स्टेशनरी, ईवीएम मशीनों की सेटिंग/सीलिंग आदि का स्ट्रांग रूम में भ्रमण कर निरीक्षण किया। साथ ही समय पर तैयारी हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
इस दौरान डीएम ने 18 मई, 2019 को मतदान कार्मिकों की रवागनी के लिये बनाये जाने वाले स्टेशनरी काउंटर का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्टेशनरी प्राप्त करने के बाद मिलान कराने के लिए बनाये जाने वाला स्थल छायादार हो तथा कार्मिकों को बैठने के लिये मैट व दरी आदि की व्यवस्था कराई जाए। इसी प्रकार रिजर्व कार्मिकों के बैठने की व्यवस्था भी छायादार हो ताकि कड़ी धूप से दिक्कत न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि एक ही काउंटर से ईवीएम मशीन तथा निर्वाचन संबंधी समस्त सामग्री यथा थैला उपलब्ध कराया जाये। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी यूपी सिंह ने बनाये जाने वाले सभी काउंटरों के बारे में जानकारी दी तथा जिलाधिकारी को बताया कि कार्मिकों के बैठने, उन्हें अपना ड्यूटी लिस्ट प्राप्त करने, जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों के बैठने, प्रशासनिक कैंप, मीडिया कैंप, आदि की अलग-अलग व्यवस्था की जा रही है जो 17 मई की शाम तक प्रत्येक दशा में तैयार कर लिया जायेगा। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रियंका निरंजन, उप जिलाधिकारी लालगंज आशुतोष दूबे सदर गौरव श्रीवास्तव, के अलावा अन्य सभी अधिकारी उपस्थित रहें।