हलिया। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर निर्वाचन आयोग द्वारा जहां प्रत्येक पोलिंग बूथों को सुविधाओं से लैस किया जा रहा है वही हलिया विकासखंड के 82 पोलिंग बूथों के 26 मतदान स्थलों पर पेयजल की समस्या बनी हुई है। सूखे हैंडपंपों के कारण प्राथमिक विद्यालय के बच्चे दूर दराज से पानी पीने को मजबूर हैं।
हलिया विकासखंड में 136 मतदान केंद्र स्थलों पर मतदान होना है। प्रत्येक मतदान केंद्रों पर चाक चौबंद व्यवस्था के लिए चुनाव आयोग द्वारा कोई कोर कसर नहीं रखी जा रही है। निष्पक्ष चुनाव कराने तथा पोलिंग बूथों पर मतदाता सहित पोलिंग पार्टियों के पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए हैंडपंपों की मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया है। लेकिन जल स्तर नीचे होने के कारण प्राथमिक विद्यालयों पर काफी दिनों से हैंडपंप पानी छोड़ चुके है जिसकी सुध न तो अधिकारी ले रहे और न ही ग्राम प्रधान ही उसे दुरुस्त करा पाए हैं। चुनाव करीब आने पर अधिकारियों के द्वारा हैंडपंपों की सुध आ गई है। इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी पंचायत रमेश उपाध्याय का कहना है कि हलिया विकासखंड के 26 मतदान स्थल के 82 बूथों पर जलस्तर नीचे होने के कारण प्राथमिक विद्यालय भटपुरवा, बड़ौहा, अंवरा, गजरिया, मनिगढ़ा आदि पोलिंग बूथों पर हैंडपंप में पानी नहीं है। जलस्तर नीचे होने के कारण रिबोर कराना संभव नहीं है। उन्होंने कहा ऐसे स्थानों पर टैंकर से पानी उपलब्ध कराया जाएगा।