मिर्जापुर। जिला एकीकरण अभियान की बैठक सोमवार को जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमिला सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में राष्ट्रीय एकीकरण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं पर प्रकाश डाला गया। 25 दिसंबर को सुबह दस बजे मिशन कंपाउंड स्थित इमैनुअल चर्च में एकीकरण अभियान की गोष्ठी कराए जाने पर चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए मुुख्य विकास अधिकारी प्रियंका निरंजन ने ठंड से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
सीडीओ ने कंबल वितरण समिति के अध्यक्ष शमशाद सहित सभी सदस्यों को निर्देश दिया कि गरीब, मजदूर वर्ग के लोगों को कंबल प्रदान की जाए। कहा कि समिति की ओर से आगामी जनवरी माह में 501 गरीब कन्याओं का विवाह कराया जाएगा। स्वच्छ भारत मिशन पर चर्चा करते हुए नगर के घाटों की साफ-सफाई, खुले में शौच से लोगों को बचने और खुले में शौच से फैलने वाली बीमारियों के प्रति सचेत करने पर जोर दिया। स्वच्छता अभियान के तहत व्यापक पैमाने पर पौधरोपण को भी बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। सीडीओ ने मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने पर बल देते हुए कहा कि जन-जन तक जागरूकता अभियान को फैलाया जाए। आगामी 14 जनवरी को नगर के महुवरिया स्थित राजकीय इंटर कालेज के मैदान में आयोजित पतंग प्रतियोगिता के माध्यम से मतदाता को जागरूक करने की रणनीति बनाई गई। मतदाताओं को जागरूक करने की दिशा में स्कूल व कालेज स्तर पर गोष्ठी की जाए। बैठक में महापुरुषों की जयंती पर गोष्ठी कराने जाने पर चर्चा हुई। इसी क्रम में 25 दिसंबर को सुबह 11 बजे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन पर शहीद उद्यान में गोष्ठी आयोजित की जाएगी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी राजित राम प्रजापति, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत विंध्याचल कुशवाहा, डिप्टी सीएमओ सहित समिति के सभी सदस्य व विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।