लालगंज। हलिया विकास खंड अंतर्गत दुबारकला गांव के 78 वृद्धों का आनलाइन पंजीकरण होने के बाद भी पेंशन नहीं आ रहा है। सरकारी कार्यवाही की लंबी प्रक्रिया के दौरान दो वृद्ध पेंशन की आस में स्वर्ग सिधार चुके हैं। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई तो समाज कल्याण विभाग ने बताया कि बीडीओ स्तर पर रुका हुआ है। सरकार की जनकल्याणकारी योजना का लाभ ग्रामीणों को मिलना कठिन हो चुका है।
दुबारकला के वृद्धों का ग्राम प्रधान माया सिंह ने वृद्घा पेंशन के लिए दो बार आनलाइन पंजीकरण कराया है, जिसमें से किसी को पेंशन अभी तक नहीं मिली है। आनलाइन पंजीकरण कराने वाले बुजुर्ग ग्राम प्रधान से पूछ रहे हैं कि मेरा पेंशन क्यूं नहीं आ रहा है। बुजुर्गों के सवाल से ग्राम प्रधान भी परेशान हैं। लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत किया तो पता चला कि बीडीओ स्तर पर कार्रवाई के लिए रुका है। यह सूचना समाज कल्याण अधिकारी ने दी है। कमोबेश विकास खंड के प्रत्येक गांव में यही चल रहा है। इस संबंध में प्रभारी बीडीओ मो. नफीस का कहना है कि संज्ञान में आने के बाद त्वरित कार्रवाई की जाएगी।