अहरौरा (मिर्जापुर)। क्षेत्र में ओवरलोड के खिलाफ शुक्रवार को अभियान से ट्रक संचालकों व क्रशर प्लांट संचालकों की नींद उड़ी हुई है। खनिज विभाग की टीम ने अहरौरा थाना के साथ ही चुनार व परडी क्षेत्र में शुक्रवार को बड़े पैमाने पर वाहन चेकिंग कर 20 ओवरलोड ट्रकों को सीज कर दिया। जिलाधिकारी के निर्देशन में खनिज अधिकारी आरबी सिंह द्वारा गठित टीम ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर गिंट्टी और बोल्डर लदे ट्रकों की तादाद भी काफी कम रही।
संयुक्त टीम को देखते ही चालक ट्रक छोड़कर भाग खड़े हुए। पुलिस परिवहन व राजस्व विभाग की टीम के साथ छापेमारी से क्षेत्र में हडकंप मचा हुआ है। संयुक्त विभाग कर्मियों ने पुलिस के साथ वाहनों की जांच की। खनिज अधिकारी ने बताया कि खनिज पदार्थ लगे ओवरलोड वाहनों का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। ट्रकों के खिलाफ कार्रवाई तो होगी ही, संबंधित क्रशर प्लांट को सीज कर दिया जाएगा। यह भी बताया कि अभियान हर दिन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चलाया जाएगा ताकि ओवरलोड पर अंकुश लगाया जा सके। इस संबंध में जिलाधिकारी ने 22 सितंबर को आदेश जारी किया है कि एसडीएम,सीओ,आरटीओ,व खनन विभाग द्वारा ओवर लोड में पकड़े गए वाहनों की जांच करते हुए संबंधित क्रशर प्लांट को सीज किया जाएगा, लेकिन क्षेत्र के पहाडियों से बड़े पैमाने पर निकल रहे ओवरलोड ट्रक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के बाद भी ओवरलोड ट्रकों का धड़ल्ले से संचालन किया जा रहा है ।