मिर्जापुर। भाकपा माले का युवा संगठन, इंकलाबी नौजवान सभा ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर युवाओं को रोजगार और नौकरी जैसे वायदे पर मुकरने का आरोप लगाया है। बुुधवार को मांगों के समर्थन में कार्यकर्ता नगर के घंटाघर से जुलूस निकाल नगर के वासलीगंज, रामबाग, अस्पताल रोड होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे जहां जुलूस सभा में तब्दील हो गया।
भाकपा नेताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। सौंपे गए तीन सूत्रीय मांग पत्र में वक्ताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश शासन के मुख्य सचिव के जारी दिशा निर्देशन में तमाम अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों एवं विभागों को नई भर्ती बंद करने के निर्देश जारी किए गए हैं। कहा विकास के नाम पर खर्च घटाने के नाम पर यह सीधे तौर पर बेरोजगारो और नौजवानों के साथ धोखा है। सरकार रोजगार और नौकरी देने के वायदे से मुकर रही है। इस दौरान मो अकरम, विशाल चौरसिया, पिंटू प्रजापति, कृष्णा यादव, दीपक कुमार, प्रदीप कुमार, चांद बाबू आदि मौजूद रहे। सभा का संचालन पूर्व जिलाध्यक्ष आशाराम भारती ने किया।