शेरवां। बिजली समस्या से परेशान मनउर के लोगों ने मुराहू सिंह इंटरमीडिएट कालेज के सामने धरना-प्रदर्शन कर बिजली विभाग के प्रति नारेबाजी की। इस मौके पर ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी भी की। उनका कहना है कि 15 दिन के अंदर दो बार मनउर गांव का 63 केवीए ट्रांसफार्मर बदले जाने के बाद भी जल गया है। बिजली विभाग जानबूझकर खराब ट्रांसफार्मर यहां के लिए भेज रहा है।
गांव में बार-बार ट्रांसफार्मर जलने के चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 23 जुलाई को मनउर गांव का ट्रांसफार्मर बदलने के दौरान ढेबरा गांव निवासी 40 वर्षीय संविदा पर तैनात लाइन मैन संजय सिंह की ट्रांसफार्मर में करेंट दौड़ने से मौत हो गई थी। गांव में अब भी जर्जर तार व लकड़ी के खंभे के सहारे से बिजली की सप्लाई की जा रही है। विद्युत उपभोक्ताओं द्वारा जर्जर तार व खंभे को बदलने के लिए कई बार बिजली विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया गया। पर कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे ग्रामीणों में विभाग के प्रति आक्रोश है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के अंदर मनउर गांव का ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया, तो रक्षाबंधन के त्यौहार के बाद विद्युत उपकेंद्र घरवाह का घेराव किया जाएगा। ग्रामीण राजेश्वरी सिंह द्वारा एसडीओ से बातचीत करने व एसडीओ के मिले आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया। प्रदर्शन में बृजमान सिंह, गुंगई सिंह, राम आशीष सिंह, गोपाल सिंह, अजय सिंह, सुर्यभान सिंह, रमेश सिंह, सूर्यकांत सिंह आदि मौजूद रहे।