मिर्जापुर। महाकुंभ में माघी पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रयागराज रूट पर 40 बसें लगाई गई हैं। इसके अलावा 15 स्पेशल ट्रेन चलाई जाएंगी, जिनका ठहराव मिर्जापुर, विंध्याचल और चुनार रेलवे स्टेशन पर होगा। इससे श्रद्धालुओं को सहूलियत होगी।
प्रयागराज महाकुंभ के लिए विशेष ट्रेनों और अतिरिक्त बसों का संचालन किया जा रहा है। मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या, वसंत पंचमी के दौरान भी बसें और ट्रेनों का संचालन किया गया था। अब 12 फरवरी को पूर्णिमा स्नान के मद्देनजर रेलवे की ओर से 15 ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिनका ठहराव मिर्जापुर, विंध्याचल और चुनार स्टेशन पर होगा। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर ट्रेनों की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है। वहीं, प्रयागराज रूट पर भीड़ को देखते हुए 40 बसों का संचालन किया जा रहा है। वहीं, वाराणसी रूट पर 14 बसें चलाई जा रही हैं। प्रयागराज और वाराणसी रूट पर चल रहीं बसों फेरे भी बढ़ाए जाएंगे। रोडवेज डिपो मिर्जापुर की एआरएम कल्पना श्रीवास्तव ने बताया कि मिर्जापुर से प्रयागराज आने-जाने के लिए 40 बसें लगाई गई है। श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ेगी तो बसों की संख्या को बढ़ाया जाएगा।