मिर्जापुर। जिला पंचायत सभागार में शनिवार को ग्राम सचिवों की बैठक में निर्देश दिया गया कि पीएम आवास योजना व शौचालयों के निर्माण को 10 मार्च तक हर हाल में पूरा कराए। इसके साथ ही ग्राम सचिवों की समस्याओं पर भी विचार किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि शौचालय व पीएम आवास के जो शेष काम हैं उसे 10 मार्च तक पूरा कर लिया जाए। इसके साथ ही मनरेगा के तहत होने वाले आनलाइन कार्यों के लिए ग्राम सचिवों के प्रशिक्षण की चर्चा की गई। सीडीओ ने कहा कि जो ग्राम सचिव इसमें किसी प्रकार की परेशानी महसूस कर रहे हैं। उनको विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साउथ ही पंचायत राज विभाग की भी समीक्षा की गई। डीसी मनरेगा और डीसी एनआरएलएम ने कार्यों की जानकारी दी। विकास भवन के सभागार में हुई एक अन्य बैठक में ब्लाकों के लेखाकारों की बैठक लेकर परियोजना निदेशक ऋषिमुनि उपाध्याय ने आवास की प्रगति की समीक्षा की और आवासों के बजट की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
पशु आश्रय स्थलों की हुई समीक्षा
मिर्जापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को हुई बैठक में जिले में बन रहे पशु आश्रय स्थलों की समीक्षा की गई। डीएम ने कहा कि हर ब्लाक में दो पशु आश्रय स्थल बनाए गए हैं। इनमें पशुओं के रखरखाव पर आने वाले बजट को शीघ्र ही जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए चार सदस्यीय एक समिति बनाई जाएगी जो इनका भौतिक सत्यापन करेगी। पशु आश्रय स्थल के अन्य बिंदुओं पर भी जानकारी दी गई।