विंध्याचल। पेयजल संकट से जूझ रहे विंध्याचल के लोगों ने रविवार को बाल्टी लेकर गोपीगंज बस स्टैंड के पास एकत्रित हुए और प्रदर्शन किया। इस दौरान नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और सड़क पर जाम लगा दिया। नगर मजिस्ट्रेट के आश्वासन पर दो घंटे बाद मामला शांत हुआ और सड़क पर लगा जाम खुल पाया। बरतर तिराहे के पास लगा बड़ा ट्यूबवेल पांच दिनों से खराब पड़ा है जिससे इलाके की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है।
विंध्याचल में गोपीगंज बस स्टैंड के पास पेयजल को लेकर स्थानीय लोग सड़क पर उतरकर उग्र प्रदर्शन कर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पिछले पांच दिनों से खराब ट्यूबवेल को ठीक नहीं कराए जाने से रविवार को लोगों के सब्र का बांध रविवार को टूट गया। रविवार की सुबह नौ बजे महिलाओं संग बच्चे व पुरुष अपने घरों से बाल्टी लेकर सड़क पर उतर आए और जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व सभासद पं. अवनीश मिश्रा के अगुवाई में लोगों ने मार्ग को जाम कर दिया और पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। सड़क जाम होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। सूचना मिलते ही विंध्याचल थाना के पुलिस मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया मगर वह नहीं माने। तत्पश्चात मामले की जानकारी नगर मजिस्ट्रेट को दी गई। नगर मजिस्ट्रेट ने आश्वासन दिया कि खराब ट्यूबवेल जल्द ठीक हो जाएगा, तब जाकर प्रदर्शन कर रहे लोग शांत हुए। विरोध प्रदर्शन करने वाले मुख्य रूप से पं.अवनीश मिश्रा, मुन्ना, असलम, बबलू, शमशेर, सद्दाम, मुन्ना, चुन्ना सहित बड़ी संख्या में विंध्याचल के वासी उपस्थित रहे।