मड़िहान। स्थानीय थाना क्षेत्र के ककरद गांव में विषैला पदार्थ खाने से रविवार को गर्भवती महिला की मौत हो गयी थी। चार दिनों तक चली सुलह समझौते की पंचायत के बाद चौथे दिन भाई की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कर पति व ससुर को गिरफ्तार कर लिया।
इलाहाबाद जनपद के मांडा थाना अंतर्गत कनौरा गांव निवासी विनोद मिश्रा के पुत्री सोनम 22 वर्ष की शादी दो वर्ष पूर्व मड़िहान थाना क्षेत्र के ककरद गांव स्थित आदित्य प्रसाद शुक्ला के पुत्र उमेश के साथ हिन्दू रीति रिवाज के साथ धूमधाम से हुई थी। अपने सामर्थ्य के अनुसार शादी में उपहार भी दिया था।मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही दो लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर ससुराल वाले प्रताड़ित करते थे। डेढ़ वर्ष पूर्व भी आग लगाकर मारने का प्रयास किया गया था। लोगों के कहने पर मामला सुलहसमझौता हो गया था।रविवार को मौत की खबर मिलने के बाद पहुँचे मायके वालों ने मृतका के भाई रिंकू ने बहन को जहर देकर मारने का आरोप लगाया।तहरीर के आधार पर ससुर आदित्य प्रसाद शुक्ला,सास सावित्री देवी, पति उमेश, देवर बृजेश के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में ले लिया। मायके वालों ने बताया कि मृतका को10 माह का एक पुत्र भी है।थानाध्यक्ष विजय शंकर सिंह पटेल ने बताया कि मायके वालों की तरफ से पति समेत चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी गयी है।तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवायी की जाएगी।दोनों पक्षों में चार दिनों से सुलह समझौते की बात चल रही थी।